Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार : प्रभारी सचिव ने किया नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों का...

सुशासन तिहार : प्रभारी सचिव ने किया नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण, कहा जन समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान ही लक्ष्य

57
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार मुंगेली जिले में सुशासन तिहार का आयोजन प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु 11 अप्रैल तक आवेदन लिए जा रहे हैं। व्यवस्था की निगरानी और आमजन से संवाद के उद्देश्य से मुंगेली जिले के प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने आज नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका मुंगेली के सामुदायिक भवन में समाधान पेटी, आवेदन पंजी सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आवेदकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ही आवेदिका श्रीमती पायल पंजवानी को जन्म प्रमाण पत्र एवं श्रीमती पूर्णिमा दीवान को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इसके पश्चात प्रभारी सचिव डॉ. भारतीदासन ग्राम पंचायत सुरदा पहुंचे, जहां उन्होंने समाधान पेटियों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की एवं ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, राशन कार्ड आदि से संबंधित समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिले तथा आवेदन प्रक्रिया सरल एवं सुलभ हो। कलेक्टर श्री राहुल देव ने बताया कि सुशासन तिहार के प्रथम चरण में 11 अप्रैल तक आवेदन लिए जाएंगे, दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा और तृतीय चरण में 5 मई से 31 मई तक प्रत्येक 8 से 15 पंचायतों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

पुलिस नियंत्रण कक्ष का किया निरीक्षण, साइबर अपराध समाधान कार्यों की सराहना

प्रभारी सचिव डॉ. भारतीदासन ने जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर साइबर अपराध संबंधी प्रकरणों की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में साइबर अपराध निवारण हेतु विशेष पुलिस सेल गठित की गई है। नागरिक 1930 टोल फ्री नंबर, संबंधित थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रभारी सचिव ने पुलिस विभाग के सायबर अपराध समाधान कार्यों की सराहना की। इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री संजय यादव, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी. एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, पथरिया एसडीएम श्री बी. आर. ठाकुर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

लाईवलीहुड कॉलेज का दौरा कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनने किया प्रेरित

निरीक्षण के अंतिम चरण में प्रभारी सचिव डॉ. भारतीदासन ने जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, जमकोर का दौरा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया और प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार व रोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। डिप्टी कलेक्टर एवं जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक श्री अजय शतरंज ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सिलाई मशीन ऑपरेटर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, सेल्फ एम्प्लायड टेलर एवं जल वितरण संचालक जैसे कोर्स शामिल हैं। सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती निशी देवांगन ने बताया कि प्रशिक्षण उपरांत युवाओं को प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी एवं संस्था के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।