Home छत्तीसगढ़ बीएसपी के जेएलएन चिकित्सालय में विश्व अंगदान जागरूकता समारोह में व्याख्यानमाला एवं...

बीएसपी के जेएलएन चिकित्सालय में विश्व अंगदान जागरूकता समारोह में व्याख्यानमाला एवं स्किन डोनेशन पर विशेष चर्चा

40
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र के सभागार में 09 अगस्त 2025 को विश्व अंगदान जागरूकता समारोह के अंतर्गत अंगदान तथा स्किन डोनेशन विषय पर देश के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें निदेशक (नेशनल बर्न सेंटर, एरोली, मुंबई) डॉ. सुनील केसवानी, विभागाध्यक्ष (प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न विभाग, डीके सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, रायपुर) प्रो. डॉ. दक्षेश शाह तथा जॉइंट डायरेक्टर (राज्य अंग एवं उत्तक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो) डॉ. वरुण अग्रवाल, तथा कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ रविंद्रनाथ एम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता द्विवेदी, डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, डॉ. सौरभ मुखर्जी, एवं डॉ. उदय कुमार, शामिल रहे। इस अवसर पर चिकित्सालय की नर्सों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

निदेशक (नेशनल बर्न सेंटर, एरोली, मुंबई)  डॉ. सुनील केसवानी ने अपने संबोधन में स्किन बैंक के प्रति जनजागरूकता प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने भिलाई के स्किन बैंक को अपने संस्थान की तरह एक ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना भी साझा की। डॉ. केसवानी ने कहा कि स्किन डोनेशन से गंभीर रूप से झुलसे रोगियों के जीवन बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय स्थित स्किन बैंक का अवलोकन कर उसकी कार्यप्रणाली की सराहना की।

कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ रविंद्रनाथ एम, ने इस व्याख्यानमाला को आज के समय की आवश्यकता बताते हुए ऐसे ज्ञानवर्धक, जनहितकारी एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रमों के सतत आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

व्याख्यानमाला का पहला सत्र नेत्र विशेषज्ञ डॉ. चित्रा सुनाव द्वारा लिया गया, जिसमें उन्होंने कार्निया डोनेशन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सेक्टर-9 चिकित्सालय में शीघ्र ही नेत्र बैंक की स्थापना की संभावनाओं पर चर्चा की। जॉइंट डायरेक्टर, राज्य अंग एवं उत्तक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो) डॉ. वरुण अग्रवाल ने अंगदान से संबंधित कानूनी प्रावधानों को विस्तार से समझाया। विभागाध्यक्ष (प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न विभाग, डीके सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, रायपुर) प्रो. डॉ. दक्षेश शाह ने स्किन बैंक के संचालन एवं प्रक्रियाओं पर विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर सभी अतिथियों को शाल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान पूर्व में आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिरुद्ध मेने एवं डॉ. जोयिता सरकार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उदय कुमार ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ बर्न एवं प्लास्टिक सर्जन डॉ. मदन लाल जैन, डॉ. दीपक कोठारी, डॉ. विश्वामित्र दयाल सहित अनेक चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।