Home छत्तीसगढ़ बी.एस.पी. में संयंत्र स्तरीय क्वालिटी सर्कल एवं 5-एस प्रस्तुतिकरण प्रतियोगिता ‘गुणवत्ता-2025’ संपन्न

बी.एस.पी. में संयंत्र स्तरीय क्वालिटी सर्कल एवं 5-एस प्रस्तुतिकरण प्रतियोगिता ‘गुणवत्ता-2025’ संपन्न

47
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के व्यवसायिक उत्कृष्टता विभाग (बी.ई.) द्वारा मानव संसाधन विकास केन्द्र में 29 से 31 जुलाई 2025 तक ‘गुणवत्ता-2025’ संयंत्र स्तरीय क्वालिटी सर्कल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संयंत्र के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा कार्यक्षेत्र में किए गए सृजनात्मक कार्यों की प्रस्तुति दी जाती है।

‘गुणवत्ता-2025’ का समापन एवं पारितोषिक वितरण समारोह कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में 12 अगस्त 2025 को संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) श्री विजय कुमार बेहेरा उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में कुल 74 टीमों ने पाँच अलग-अलग श्रेणियों — मैन्यूफैक्चरिंग स्ट्रीम, मैन्यूफैक्चरिंग सपोर्ट स्ट्रीम, प्योर सर्विसेज स्ट्रीम, लीन क्वालिटी सर्कल तथा 5-एस में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और समस्या-समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया। मैन्यूफैक्चरिंग स्ट्रीम में टीम ऊर्जा (यूआरएम) ने प्रथम, टीम रेल रक्षक (रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल) ने द्वितीय और टीम अनन्या (सिंटर प्लांट-3) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मैन्यूफैक्चरिंग सपोर्ट स्ट्रीम में टीम सजग (एसएमएस-2) प्रथम, टीम प्रवाह (पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन) द्वितीय और टीम आदर्श (ब्लास्ट फर्नेस) तृतीय रही। वहीँ प्योर सर्विसेज स्ट्रीम में टीम स्पर्श (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) ने प्रथम और टीम स्पार्टन (ए एंड डी) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

लीन क्वालिटी सर्कल श्रेणी में टीम उद्भव (पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन) प्रथम, टीम नवाचार (सिंटर प्लांट-3) द्वितीय और टीम उन्नयन (बार एण्ड रॉड मिल) तृतीय रही। साथ ही 5-एस श्रेणी में टीम उदय (फोर्ज शॉप) प्रथम, टीम सशक्त (आरसीएल) द्वितीय और टीम ‘जागरूक होता इंसान’ (मार्स-1) तृतीय रही।

सर्वाधिक 10 टीमों की विभागीय भागीदारी के लिए एसएमएस-3 को ट्रॉफी प्रदान की गई,  जबकि पिछले साल की तुलना में इस साल उल्लेखनीय बढोतरी करते हुए 9 टीमों की भागीदारी के लिए विशिष्ट पुरस्कार पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन को प्रदान किया गया। सभी विजेता टीमों को उपस्थित अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने कहा कि संयंत्र में गुणवत्ता के प्रति जागरूकता और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने में यह प्रतियोगिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह मंच न केवल राष्ट्रीय स्तर की अन्य प्रतियोगिताएं के लिए प्रतिभागी टीमों को चयन का अवसर देता है, बल्कि कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों के अभिनव समाधान खोजने का भी एक सशक्त माध्यम है।

विशिष्ट अतिथि, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (रखरखाव एवं उपयोगिताएँ) श्री विजय कुमार बेहेरा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों की लगन, टीमवर्क और रचनात्मक कार्य की दक्षता को नई ऊँचाइयों तक ले जाती है।

कार्यक्रम के आरम्भ में विभाग-प्रमुख एवं महाप्रबंधक (व्यवसायिक उत्कृष्टता) श्री मनोज दुबे के मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अपने स्वागत भाषण में श्री मनोज दुबे ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष संयंत्र के विभिन्न 26 विभागों की 74 टीमों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया, जो विगत वर्ष भाग लेने वाली 53 टीमों की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत अधिक है जो अत्यंत ही सराहनीय है।

इस अवसर पर विभिन्न संबंधित विभागों के मुख्य महाप्रबंधकगण, प्रतिभागी टीमों के विभागाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, संयंत्र कार्मिक सहित प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समापन समारोह में श्री मनोज दुबे ने विजेता टीमों के नामों की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ एनालीस्ट (बी.ई.) श्री सुनील देशमुख, ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (बी.ई.) श्रीमती सुरैया एस. कादर ने प्रस्तुत किया। इस आयोजन की सफलता में व्यवसायिक उत्कृष्टता विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

उल्लेखनीय है कि व्यवसायिक उत्कृष्टता विभाग द्वारा पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले नए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु टीमों को बोनस अंक प्रदान करने की घोषणा की गई थि, जिसके परिणामस्वरूप 126 कर्मचारियों ने इस प्रतियोगिता में पहली बार भाग लिया। संयंत्र स्तर पर यह प्रतियोगिता विगत 3 दशकों से से आयोजित की जा रही है, जिसमें चयनित टीमों को आगे की प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु भेजा जाता है।