Home छत्तीसगढ़ ‘आदि आरोग्य रथ’ – जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की अभिनव स्वास्थ्य पहल

‘आदि आरोग्य रथ’ – जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की अभिनव स्वास्थ्य पहल

52
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सशक्त बनाने एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “आदि आरोग्य रथ” वाहन सेवा का शुभारंभ विगत दिवस किया गया। इस अभिनव पहल का शुभारंभ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी (जिला शाखा) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार तथा उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने “आदि आरोग्य रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सभापति गण, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि पीएम जनमन क्षेत्र के वनवासी समुदायों एवं जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक विशेष पहल है। इस सेवा से जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जा सकेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि “आदि आरोग्य रथ” वाहन सेवा के तहत सप्ताह में तीन दिवस सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को दूरस्थ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से रेफर मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह सेवा शासकीय मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव, जिला अस्पताल राजनांदगांव तथा अन्य शासकीय अस्पतालों हेतु निर्धारित रूट पर नियमित रूप से संचालित होगी, जिससे रेफर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

यह पहल संपूर्ण स्वास्थ्य देखभाल की निरंतरता – की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के मरीजों को प्रारंभिक देखभाल से लेकर विशेषज्ञ परामर्श तक की सभी सुविधाएं एक श्रृंखला में सुनिश्चित होंगी।

“आदि आरोग्य रथ” सेवा जिले में “हर द्वार तक आरोग्य” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।