Home छत्तीसगढ़ राज्योत्सव रजत जयंती वर्ष 2025 : विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई...

राज्योत्सव रजत जयंती वर्ष 2025 : विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है छत्तीसगढ़ — मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब

41
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष के अवसर पर कल 2 नवंबर को  मिनी स्टेडियम मोहला में जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने छत्तीसगढ़ महतारी की शैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने अपील की कि जब हम छत्तीसगढ़ की रजत जयंती मना रहे हैं, तब हमें संकल्प लेना चाहिए कि 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करें।

मंत्री श्री साहेब ने दी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ 

मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन हम सबके लिए गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है।

कृषि, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को मिल रही गति 

मंत्री श्री साहेब ने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। धान खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से लेने की बात कही। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास निर्माण और महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में हो रहा विस्तार 

राज्य सरकार का बजट सभी वर्गों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। गरीबों को पक्का आवास, युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार, तथा अन्नदाताओं को उचित मूल्य देना शासन की प्राथमिकता है।

राज्य में शासकीय विद्यालयों का उन्नयन किया गया है तथा 14 मेडिकल कॉलेजों के साथ नए नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना की जा रही है, जिससे युवाओं को शिक्षा व रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार होगा

नक्सलमुक्त, विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ठोस कदम 

मंत्री श्री साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने के लिए ठोस कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएँ दूरस्थ अंचलों तक पहुँचे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह से सजा राज्योत्सव मंच 

राज्योत्सव के अवसर पर स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक मोहला-मानपुर श्री इन्द्र शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 मुख्य अतिथि ने किया विभागीय स्टॉलों का अवलोकन, हितग्राहियों को की सामग्री वितरण 

राज्योत्सव अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए थे। मंत्री श्री साहेब ने इनका अवलोकन किया तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने

सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत छात्राओं को साइकिल प्रदान की

मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत हितग्राहियों को मोटरसाइकिल, आईस बॉक्स एवं चारपहिया वाहन वितरित किए।

जनसंपर्क विभाग ने किया प्रचार-प्रसार 

राज्य स्थापना दिवस समारोह में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभाग द्वारा प्रकाशित “जनमन” जैसी पत्रिकाओं का भी वितरण किया गया, जिसमें शासन के जनहितकारी कार्यों और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।