Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रपति के अम्बिकापुर दौरे की तैयारियों का निरीक्षण

राष्ट्रपति के अम्बिकापुर दौरे की तैयारियों का निरीक्षण

29
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रायपुर, 19 नवंबर 2025

देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 20 नवंबर को प्रस्तावित अम्बिकापुर दौरे को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने टेंट और पंडाल की व्यवस्था, अतिथियों और जनसामान्य के लिए बैठने की स्थिति, स्टॉलों की रूपरेखा, आवागमन की सुगमता, और यातायात प्रबंधन की समग्र व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया। साथ ही पार्किंग, रूट चार्ट, हेलिपैड तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को यह ध्यान देने को कहा कि महामहिम राष्ट्रपति का यह आगमन सरगुजा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है, इसलिए सभी व्यवस्थाओं को उच्चतम स्तर पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक और गरिमापूर्ण रूप से संपन्न हो। मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने इस दौरे को प्रदेश और खासकर सरगुजा के जनजातीय समाज के लिए एक ऐतिहासिक व प्रेरणादायक क्षण बताया, और सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी व सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

राष्ट्रपति के इस दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व ट्रैफिक प्रबंधन की कसी हुई तैयारी की है, जिसमें करीब 2000 से अधिक सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक डायवर्सन और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जनजातीय गौरव दिवस समारोह के अंतर्गत होने वाले इस भव्य आयोजन में जनजातीय संस्कृति, नायकों के सम्मान और योजनाओं के शुभारंभ के साथ-साथ जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि का भव्य प्रदर्शन होगा।

यह आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार की जनजातीय उत्थान और संस्कृति संरक्षण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके माध्यम से जनजातीय समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, एसडीएम श्री फगेश सिन्हा, एएसपी श्री अमोलक सिंह ढिल्लो समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल थे।