विद्यालयों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय लेने के संबंध में जिला शिक्षा कार्यालय रायपुर ने स्थिति स्पष्ट की है। कार्यालय के अनुसार, विद्यालयों से प्राप्त प्रतिवेदनों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय लेने से रोकने संबंधी शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है।
जिला शिक्षा कार्यालय के उप संचालक ने बताया कि कक्षा 9वीं एवं 11वीं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अंग्रेजी विषय का अध्ययन कर रहे हैं। वहीं बैंकिंग फाइनेंस विषय का विकल्प कुछ चयनित विद्यालयों में ही उपलब्ध है। इसलिए अंग्रेजी के स्थान पर विद्यार्थियों को अन्य विषय लेने के लिए बाध्य किए जाने की बात सही नहीं है।
उन्होंने बताया कि कक्षा 12वीं में वर्तमान में भाषा विषय के रूप में 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी अंग्रेजी का अध्ययन कर रहे हैं। यह स्थिति विद्यालयों में अंग्रेजी विषय के अध्ययन को लेकर विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी को दर्शाती है।
उप संचालक ने बताया कि विद्यालयों में निर्धारित शैक्षणिक प्रक्रिया के अनुसार विद्यार्थियों को विषय चयन का अवसर दिया जा रहा है। अंग्रेजी विषय लेने पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है।





