Home छत्तीसगढ़
2
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

समाचार

*जिला जनसंपर्क कार्यालय, रायपुर*

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

 

*निजी क्षेत्रों के 36 नियोजकों से अब तक 8,720 रिक्तियां प्राप्त*

मुख्यमंत्री  साय के मुख्य आतिथ्य में चयनित युवाओं को वितरित किए जाएंगे ऑफर लेटर

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उद्योग एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की ली बैठक, अधिक से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराने का किया आह्वान

रायपुर, 29 सितंबर 2026। आगामी 07 एवं 08 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होने वाले वृहद राज्यस्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज जिले के औद्योगिक, व्यावसायिक एवं अन्य प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों से अपने संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने और रोजगार मेले में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि राज्यस्तरीय रोजगार मेला युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का एक बड़ा अवसर है। जिले के अधिक से अधिक उद्योग, व्यापारिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान इसमें सहभागी बनें और अपने यहां उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्रदान करें, ताकि अधिक संख्या में युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों को आवश्यक मानव संसंसाधन उपलब्ध कराने और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए यह मेला एक प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उद्योगों एवं नियोजकों से लगातार समन्वय कर अधिक से अधिक रिक्तियां प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

07 एवं 08 अक्टूबर को इंडोर स्टेडियम में होगा रोजगार मेला

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार एवं स्वावलंबन से जोड़ने की दिशा में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में दो दिवसीय वृहद राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

मेले के दूसरे दिन 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं।

36 नियोजकों से अब तक 8,720 रिक्तियां प्राप्त

रोजगार मेले के लिए अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसरों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग एवं फाइनेंस, ऑफिस वर्क, मानव संसाधन, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स एवं डिलीवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

इनमें मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, टेक्नीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, पिकर-पैकर तथा विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस एवं ट्रेनी सहित अनेक पद शामिल हैं।

10वीं से स्नातकोत्तर तक के युवाओं के लिए अवसर

रिक्त पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग (बी.ई./बी.टेक.), कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक तथा एमबीए, एमसीए सहित स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवा पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी और आइसेक्ट सहित विभिन्न कंपनियों एवं संस्थाओं द्वारा रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।

ई-रोजगार पोर्टल पर करें आवेदन

इच्छुक युवा https://www.erojgar.cg.gov.in/ पर पंजीयन कर अपनी प्रोफाइल पूर्ण एवं अद्यतन कर सकते हैं तथा अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार उपलब्ध रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

राज्यस्तरीय रोजगार मेले में भाग लेने तथा अपने संस्थान की रिक्तियां उपलब्ध कराने के इच्छुक उद्योग एवं नियोजक 7999385638 एवं 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।