Home राजनीति मोदी सरकार के आने के बाद उत्तर पूर्वी राज्य का विकास तेजी...

मोदी सरकार के आने के बाद उत्तर पूर्वी राज्य का विकास तेजी से हुआ:राजनाथ सिंह

87
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

आईजोल । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को मिजोरम में हैं। मिजोरम विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार के लिए पहुंचे रक्षा मंत्री सिंह ने जनसभा को संबोधित कर कहा कि मैं 20 सालों से भी अधिक समय से मिजोरम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा करता रहा हूं। कनेक्टिविटी की समस्या को बड़े ही नजदीक से मैनें देखा है। मुझे याद है कि नार्थ-ईस्ट के राज्यों की सभी राजधानियों तक पहुंचने के लिए कोई सीधा मार्ग नहीं था। आज हालात बदल गए हैं। आज हर उत्तरपूर्व का राज्य दिल्ली से सीधे जुड़ा हुआ है, क्योंकि हर राज्य को एयरपोर्ट से जोड़ दिया गया है।
भाजपा नेता ने कहा कि जब दिल्ली में कांग्रेस का शासन था, तब मिजोरम और उत्तर पूर्वी राज्य न केवल दूर थे, बल्कि हमारे दिलों से भी दूर थे। मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद पूर्वोत्तर का तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 में, उत्तर पूर्व में 8 हवाई अड्डे और 1 जलमार्ग थे, अब 17 हवाई अड्डे और 18 जलमार्ग हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले पूरे देश में केवल 7 एम्स थे, यहां पूरे नार्थ-ईस्ट में एक भी एम्स नहीं था। मोदीजी ने 16 नए एम्स खोलने का फैसला किया और इनमें से एक नार्थ-ईस्ट में गुवाहाटी में खुल गया है। मिजोरम में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए विश्व बैंक के साथ 327.76 करोड़ रुपये का समझौता किया है। मिजोरम के लोगों की जीवन की सुरक्षा के लिए, यहां के कुल 4.46 लाख नागरिकों को आयुष्मान भारत कार्ड जारी किए गए हैं।
राजनाथ ने कहा कि जब कांग्रेस का शासन केन्द्र में था, तब उन्होंने देश की पहली एयर स्ट्राइक मिजोरम पर ही कर दी थी। अब बीजेपी का शासन है जिसमें यह काम हम कभी नहीं करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से भारत दुनिया की पाँचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गई है। साल 2027 में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था होगी। पीएम-उज्ज्वला योजना के तहत, पूरे मिजोरम में 33,603 लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि अब भारत की टीमों में बड़ी संख्या में खिलाड़ी नार्थ ईस्ट से आते हैं। पिछले दो साल से डूरंड टूर्नामेंट नार्थ-ईस्ट में ही हो रहा है।