Home अन्य छत्‍तीसगढ़ में नौतपा में सूर्य की तपिश से अब राहत के संकेत,...

छत्‍तीसगढ़ में नौतपा में सूर्य की तपिश से अब राहत के संकेत, आज इन इलाकों में बारिश के आसार

144
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

इस वर्ष नौतपा में सूर्य की तपिश ने छत्‍तीसगढ़ में जमकर कहर बरपाया है। पिछले नौ दिनों के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 28 मई को मुंगेली में दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान नौतपा के पहले दिन 22.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। इसके बाद निरंतर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होती गई और नौतपा के आखिरी दिन दो जून को तिल्दा में यह 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी बीच मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में थोड़ी राहत के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने के भी आसार हैं।

इसी बीच राजधानीवासियों के लिए रविवार का दिन तपन भरा रहा, जबकि दोपहर दो बजे के बाद से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में खंड वर्षा भी देखने को मिली, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई और लोगों को कुछ हद तक राहत मिली।

रायपुर में आज वर्षा के आसार

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान 44 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। वहीं, पिछले नौ दिनों में रायपुर में इस सीजन का अधिकतम तापमान अपने चरम पर रहा। एक जून को इस सीजन का सर्वाधिक तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नौतपा से पूर्व यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक रहा।

बिलासपुर में अधिकतम तापमान औसत से कम

मौसम विभाग के पिछले तीस वर्षों के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर ही एक मात्र ऐसा शहर है, जहां अधिकतम तापमान औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस तक कम है। वहीं, जगलदपुर में यह सामान्य औसत से 1.3 डिग्री, रायपुर में 0.6 डिग्री, पेंड्रा रोड और दुर्ग में 0.5 डिग्री, अंबिकापुर में 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

न्यूनतम तापमान सभी जगह औसत से ज्यादा

इसके अलावा न्यूनतम तापमान प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में सामान्य औसत से अधिक है। आंकड़ों के अनुसार रायपुर में सामान्य औसत से 2.9 डिग्री, जगदलपुर में 1.6 डिग्री, पेंड्रा रोड में 1.3 डिग्री, दुर्ग में 0.8 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, बिलासपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य औसत के बराबर ही रहा।