Home छत्तीसगढ़ सिंटर संयंत्र-3 में सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ

सिंटर संयंत्र-3 में सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ

77
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

भिलाई

शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की ओर अग्रसर सिंटर संयंत्र-3 के सिंटर भवन में 19 मार्च 2025 को  सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा  का उद्घाटन मुख्य अतिथी  कार्यपालक निदेशक (संकार्य), श्री राकेश कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह), श्री तापस दासगुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रेरणा विकास केंद्र में मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट्स), श्री अनूप कुमार दत्ता, द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट्स) श्री सजीव वर्गीज, श्री जगेंद्र कुमार, व अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं ठेका कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

उद्घाटन सत्र के दौरान सुश्री सरिता देवांगन एवं श्री रमेश साहू द्वारा प्रेरणादायक सुरक्षा गीत की प्रस्तुति दी गई, व श्री राजेश देवांगन के निर्देशन में सात स्तंभों पर आधारित लघु नाट्य “वाह! क्या बात है” का मंचन किया गया। इस नाट्य के माध्यम से सुरक्षा, हाउसकीपिंग, तकनीकी अनुशासन, सख्त निरीक्षण, गुणवत्ता, सभी कर्मचारियों का कल्याण एवं धूल-मुक्त वातावरण जैसे सात मूल स्तंभों की महत्ता को रेखांकित किया गया, जिससे हैप्पीनेस इंडेक्स के लक्ष्य की प्राप्ति सरलता से संभव है। कार्यक्रम में विशिष्ट कार्य निष्पादन हेतु चयनित विभिन्न ठेका श्रमिकों को मुख्य अतिथि महोदय द्वारा सर्वोत्तम, अनमोल एवं दक्ष पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार द्वारा सेफ्टी टेक्निकल स्टैंडर्ड्स पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।

मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी का जीवन अमूल्य है, अतः सुरक्षित रहना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रणाली को सरल भाषा में समझाया जाना आवश्यक है, ताकि यह संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक सहजता से पहुंच सके। श्री राकेश कुमार ने समस्त उपस्थितजनों को 360° डिग्री सुरक्षा निरीक्षण करने तथा खतरों से जुड़े संभावित जोखिमों को पूर्णतः समाप्त करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में श्री तापस दासगुप्ता ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करना हम सभी का दायित्व है। वहीँ श्री अनूप कुमार दत्ता ने कहा कि हम सभी शीघ्र ही सुरक्षा के ऑनलाइन 6 मॉड्यूल्स पूर्ण कर प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे और सुरक्षा के पथ पर एक कदम और आगे बढ़ाएंगे।

सिंटर संयंत्र-3 में सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा के दौरान सुरक्षा से संबंधित विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें सर्वश्रेष्ठ कन्वेयर गैलरी, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी भवन, सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा अभ्यास एवं संशोधन तथा सुरक्षा पोस्टर प्रमुख हैं। साथ ही इनमें आपदा प्रबंधन, गैस सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन कार्यशाला एवं प्रदर्शन सहित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी सम्मिलित हैं।

विभागीय सुरक्षा अधिकारी (सिंटर प्लांट्स), श्री राजेश देवांगन ने कार्यक्रम का संचालन किया व धन्यवाद ज्ञापन मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट्स), श्री अनूप कुमार दत्ता द्वारा किया गया।