Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार में दिखा जनसेवा का जज्बा

सुशासन तिहार में दिखा जनसेवा का जज्बा

48
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सीधे जनता तक पहुंच कर उनकी समस्याओं के निदान करने सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले के कई ग्रामों का दौरा किया। उन्होंने समाधान शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्राम शिवप्रसादनगर, कसलगिरी, पार्वतीपुर, गणेशपुर और अजबनगर में आयोजित शिविरों में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और शासन की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह तिहार जनता तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने न केवल प्रशासनिक संवाद किया, बल्कि गणेशपुर में आयोजित पारंपरिक सरहुल पूजा में भी सहभागिता निभाई। उन्होंने मांदर की थाप पर आदिवासी महिलाओं के साथ पारंपरिक नृत्य में भी भाग लिया, जिससे सांस्कृतिक वातावरण और भी जीवंत हो उठा।

शिविरों में ग्रामीणों ने राशन कार्ड, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य व आंगनबाड़ी से जुड़ी समस्याएं रखीं। मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल संरक्षण योजनाएं और महिला स्व-सहायता समूहों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी और योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व केबिनेट मंत्री श्री गणेशराम भगत, जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री नरेंद्र यादव, जनपद उपाध्यक्ष श्री मनमत बछाड़, श्री हरीश सिंह, स्वाति राजवाड़े, सीमा सिंह मनिबग्गा सहित कई जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।