Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार सेवा और सरोकार की अभिव्यक्ति है: मंत्री श्रीमती राजवाड़े

सुशासन तिहार सेवा और सरोकार की अभिव्यक्ति है: मंत्री श्रीमती राजवाड़े

54
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनकल्याण को केंद्र में रखकर चलाए जा रहे सुशासन तिहार अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत भैयाथन में  समाधान शिविर, अन्नप्राशन, एवं गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस बहुआयामी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और क्षेत्रीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण हर गांव, हर घर तक पहुँचे। सुशासन तिहार केवल कार्यक्रम नहीं, यह सेवा और सरोकार की अभिव्यक्ति है।

कार्यक्रम के तहत अन्नप्राशन संस्कार में शिशुओं को पहली बार अन्न ग्रहण कराया गया और गोदभराई कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई प्रकरणों का स्थल पर ही निराकरण किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुपोषण अभियान, किशोरी बालिका योजना, शिशु सुरक्षा योजना, उज्ज्वला योजना जैसे अनेक शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी विभागीय स्टॉलों के माध्यम से दी गई।

हाइड्रो पावर प्लांट के कारण उत्पन्न संकट पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े का त्वरित संज्ञान

कार्यक्रम के पश्चात, ग्रामवासियों की मांग पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने भैयाथन क्षेत्र स्थित हाइड्रो पावर प्लांट का निरीक्षण भी किया। ग्रामीणों ने उन्हें अवगत कराया कि पावर प्लांट प्रबंधन द्वारा बस्ती नाले को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आगामी बरसात के मौसम में जलभराव और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।मंत्री ने मौके पर स्थिति का मुआयना करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामवासियों की सुरक्षा को सर्वाेपरि मानते हुए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि, प्राकृतिक आपदाओं से नागरिकों को सुरक्षित रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी है, किसी भी स्थिति में ग्रामीणों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

इस दौरान उनके साथ मंडल अध्यक्ष श्री सुनील साहू, श्रीमती शीतल गुप्ता, रामु गोस्वामी, सावन गोयल, चिंतावन राजवाड़े, नेहा तिवारी, सत्या दुबे, नीरू गुप्ता, अमन सिंह, अभय गुप्ता, अखण्ड सिंह, अभिषेक गुप्ता, आयुष अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें व स्व-सहायता समूह शामिल रहे।