Home छत्तीसगढ़ कृषि महाविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ

कृषि महाविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ

55
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के बी.एस.सी. कृषि (ऑनर्स) स्नातक पाठ्यक्रम में नवीन शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रवेश हेतु ऑनलाईन काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रथम चरण की काउंसलिंग 15 जुलाई से 21 जुलाई 2025 तक चलेगी। प्रथम चरण की काउंसलिंग में 15 जुलाई को ऑनलाईन पंजीयन करने वाले अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आबंटन किया जायेगा। 16 से 18 जुलाई तक कृषि महाविद्यालय रायपुर में प्रातः 8 बजे से शाम 5ः30 तक दस्तावेजों का परीक्षण किया जायेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों को आबंटित कृषि महाविद्यालय की प्रोविजनल सीट को सुरक्षित करने हेतु 16 जुलाई से 19 जुलाई तक ऑनलाईन फीस जमा करना होगा। यह उल्लेखनीय है कि पीएटी काउंसलिंग की प्रवेश प्रकिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई है कि कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालयों में प्रवेश दिलाने का झांसा दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों को आगाह किया गया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के झांसे में न आएं तथा विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित पूर्ण पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया में बिना किसी संदेह के शामिल हों।

सीट आबंटन के पश्चात यदि अभ्यर्थी किसी कारण से सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है और आगामी चरण की काउंसलिंग में भाग लेना चाहता है तो इस हेतु ऑनलाइन आवेदन करना होगा तथा ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें अभी तक कोई सीट आबंटित नहीं हुई है, उन्हें भी स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए 16 जुलाई से 19 जुलाई, 2025 तक (रात्रि 11:30 बजे) के मध्य ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यदि अभ्यर्थी सीट सुरक्षित करने के पश्चात सीट निरस्त करना चाहता है और आगे किसी भी प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहता है तो इस हेतु 16 जुलाई से 19 जुलाई, 2025 तक (रात्रि 11:30 बजे) के मध्य सीट निरस्त कर सकता है। आबंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी 21 जुलाई 2025 को उपलब्ध कराई जाएगी।

स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग हेतु पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची 21 जुलाई, 2025 को विश्वविद्यालय की वेबसाईट पर अपलोड की जाएगी। स्पॉट काउंसलिंग हेतु प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आबंटन 22 से 23 जुलाई के मध्य किया जाएगा। दस्तावेज परीक्षण एवं ऑनलाईन फीस जमा करने हेतु 22 से 23 जुलाई को अभ्यर्थियां को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा। कन्वर्शन काउंसलिंग हेतु प्रोविजनल सीट, महाविद्यालय आबंटन, तत्काल दस्तावेज सत्यापन एवं ऑनलाईन फीस जमा करने हेतु अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय रायपुर में 25 जुलाई को उपस्थित होना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी काउंसिलिंग संबंधित दिशा-निर्देशों की अधिक जानकारी हेतु विश्वविद्यालय की वेबसाईट www.igkv.ac.in  का अवलोकन कर सकते हैं।