Home छत्तीसगढ़ महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही राज्य सरकारः...

महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही राज्य सरकारः मंत्री श्री लखनलाल देवांगन

43
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार रजत महोत्सव अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इंदिरा स्टेडियम, टी.पी नगर, कोरबा में महतारी सम्मेलन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं की उन्नति के लिए चलाई जा रही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बाल विवाह निषेध हेतु उपस्थितजनों को शपथ भी दिलाई।

अपने उद्बोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शासन का संकल्प है कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान प्राप्त हो तथा महिलाएँ आत्मनिर्भर बनकर समाज की रीढ़ बनें। उन्होंने यह भी कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचना चाहिए। आज महिलाएँ और बेटियाँ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रही हैं।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने भी संबोधित करते हुए कहा कि शासन की अनेक योजनाएँ महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही हैं। आज महिलाएँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और आत्मनिर्भरता के साथ समाज की दिशा तय कर रही हैं। सम्मेलन के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाली माताओं एवं बहनों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के मेधावी बच्चों को भी पुरस्कृत भी किया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।