Home छत्तीसगढ़ महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम

महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम

49
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा की दिशा में एक और नई पहल की शुरुआत हुई है। वन मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज जिले के कुआकोंडा विकासखंड में शनिवार को दंतेश्वरी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित रेडी-टू-ईट पोषण आहार उत्पादन यूनिट का शुभारंभ बड़े उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ किया।

वन मंत्री श्री कश्यप ने माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया और बटन दबाकर मशीनों को चालू किया। उन्होंने उत्पादन और पैकेजिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा तैयार हो रहे रेडी-टू-ईट पैकेटों की गुणवत्ता भी देखी।

अपने संबोधन में मंत्री श्री कश्यप ने दंतेश्वरी महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह दंतेवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है कि अब जिले में ही पौष्टिक आहार का उत्पादन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव महिलाओं की जागरूकता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। शासन की योजनाओं से प्रेरित होकर आज महिलाएँ “लखपति दीदी” बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ महिलाओं की आर्थिक उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी से पोषणयुक्त आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

मंत्री श्री कश्यप ने इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला कोष ऋण योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी दी और महिलाओं से इनका अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि इस यूनिट से तैयार रेडी-टू-ईट आहार का वितरण कुआकोंडा, किरंदुल, कटेकल्याण और बड़ेगुडरा परियोजनाओं के अंतर्गत किया जाएगा। इस पहल से लगभग 13,000 बच्चे, 2,000 गर्भवती महिलाएँ और 2,500 शिशुवती माताएँ लाभान्वित होंगी। इससे बच्चों में कुपोषण घटेगा और महिलाओं में एनीमिया की समस्या में कमी आएगी।

इस यूनिट के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक लाभ और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल दंतेवाड़ा में पोषण, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुडामी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, डीएफओ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और ग्रामीण महिलाएँ उपस्थित रहीं।