Home छत्तीसगढ़ ‘नियर मिस रिपोर्टिंग योजना’ के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र में संविदा कर्मियों को...

‘नियर मिस रिपोर्टिंग योजना’ के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र में संविदा कर्मियों को किया गया सम्मानित

33
0
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM (2)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM (1)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.00 AM (1)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.59 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.00 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.01 AM

भिलाई.

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के रिफ्रेक्ट्री अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कार्यस्थल पर सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने हुए “नियर मिस रिपोर्टिंग करने वाले संविदा कर्मियों को सम्मानित किया गया। सितंबर 2025 माह के लिए सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट के श्री राहुल बुर्हाटे और मेसर्स बसंत ब्रदर्स की श्रीमती मीना बाई, जो क्रमशः लेडल बे (एसएमएस-2) एवं सॉर्टिंग एवं लोडिंग अनुबंध कार्य में संलग्न हैं, को उनके उत्कृष्ट नियर मिस रिपोर्टिंग हेतु मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रेक्ट्री अभियांत्रिकी विभाग) श्री प्रोसेनजीत दास द्वारा विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में पुरस्कृत किया गया।

यह सम्मान कर्मियों को उनके सतर्कता, जिम्मेदारी और सुरक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना स्वरूप प्रदान किया गया। इस पहल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के सभी कार्मिकों नियमित एवं संविदा को सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों को अपनाने और उन्हें अपनी कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की एक इकाई, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी), कार्यस्थलों पर सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत है। इसी दिशा में संयंत्र में “नियर मिस रिपोर्टिंग योजना” के माध्यम से संविदा श्रमिकों को कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक और उत्तरदायी बनाया जा रहा है।

इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक संविदाकर्मि को ऐसे संभावित असुरक्षित घटनाक्रम—जिन्हें नियर मिस कहा जाता है — की पहचान कर रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। नियर मिस वह घटना होती है जिसमें किसी प्रकार की चोट या क्षति तो नहीं होती, परंतु यदि समय रहते सुधारात्मक कदम न उठाए जाएँ, तो भविष्य में वह दुर्घटना या संपत्ति हानि का कारण बन सकती है। उच्च गुणवत्ता वाली नियर मिस रिपोर्टिंग करने वाले कर्मियों को प्रत्येक माह संबंधित शॉप प्रमुख एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारियों (डीएसओ) द्वारा कार्यस्थल पर पुरस्कृत और सम्मानित किया जाता है।

भिलाई इस्पात संयंत्र की “एथिकल स्टील” की अवधारणा चार मजबूत स्तंभों पर आधारित है सुरक्षा, स्वच्छता, तकनीकी अनुशासन और प्रसन्नता। “प्रसन्नता” केवल नियमित कर्मचारियों की खुशी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन संविदा श्रमिकों की भी प्रसन्नता से जुड़ी है जो दूरदराज़ के गाँवों से आकर संयंत्र के उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

संयंत्र प्रबंधन का स्पष्ट संदेश है कि “सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। यदि सुरक्षा को लेकर कोई भी संदेह हो, तो कार्य को तुरंत रोक देना चाहिए।” यह संदेश निरंतर प्रत्येक श्रमिक तक पहुँचाया जा रहा है। प्रशिक्षित संविदा श्रमिकों के सशक्त नेटवर्क के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र ने ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित की है, जिसमें संभावित जोखिमों की पहचान और उनकी समय पर रिपोर्टिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। “नियर मिस रिपोर्टिंग योजना” अब संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति का अभिन्न अंग बन चुकी है, जो सभी के लिए एक सुरक्षित, अनुशासित और प्रसन्न कार्य वातावरण सुनिश्चित कर रही है।