Home शिक्षा जिले में हुआ ”साइंस ऑन व्हील्स“ का शुभारंभ

जिले में हुआ ”साइंस ऑन व्हील्स“ का शुभारंभ

8
0
विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स एवं जल संरक्षण के बारे में दी जा रही शिक्षा
रायपुर, 15 जून 2026/विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड आरंग के ग्राम राखी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अंतरिक्ष केंद्र, रायपुर से राष्ट्रीय स्तर के विज्ञान जागरूकता अभियान “साइंस ऑन व्हील्स” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

इस पहल को प्लाक्षा विश्वविद्यालय, आईआईटी मंडी तथा इसरो पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में छह घंटे का हैंड्स-ऑन विज्ञान प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रॉकेट एवं उपग्रहों की कार्यप्रणाली, भारत के अंतरिक्ष अभियानों, रोबोटिक्स एवं जल संरक्षण, स्वच्छ जल एवं सतत विकास से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं आईआईटी बॉम्बे के पूर्व छात्र एस.एस. बजाज उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बीएसएनएल छत्तीसगढ़ टेलीकॉम सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक श्री वी.के. छबलानी, प्लाक्षा विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर एवं विज्ञान संचारक डॉ. रुचा जोशी तथा एयरोस्पेस इंजीनियर एवं प्लाक्षा विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शशांक तमास्कर भी उपस्थित रहे।