Home प्रशासनिक पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने ली वर्चुअल...

पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर ने ली वर्चुअल साप्ताहिक समीक्षा बैठक

10
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने वर्चुअल साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेकर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीएसपीडीसीएल के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने बिजली विभाग को निर्देशित किया कि सभी शासकीय कार्यक्रमों में वह एक स्टॉल लगाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं । बैंकों को आवेदन सोर्सिंग बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी अनावश्यक बाधा के समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण के अस्वीकृत नहीं किया जाए। यदि किसी कारणवश आवेदन निरस्त किया जाता है, तो संबंधित आवेदक को अस्वीकृति का स्पष्ट कारण अनिवार्य रूप से बताया जाए।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजना के तहत आम नागरिकों को लाभ प्राप्त करने एवं ऋण लेने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने बैंक, सीएसपीडीसीएल और वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए योजना की स्वीकृति, ऋण वितरण एवं सोलर इंस्टॉलेशन की साप्ताहिक समीक्षा निरंतर जारी रखने की बात कही।

बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।