कलेक्टर एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) ने चन्दनडीह एवं सरोना के प्रभावित क्षेत्रों, राहत शिविर तथा महादेव घाट विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण_
लगातार वर्षा के कारण उत्पन्न बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति पर रायपुर पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं जिला प्रशासन की टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

इसी क्रम में आज दिनांक 27.09.2026 को कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री रॉबिन्सन गुड़िया द्वारा आयुक्त, नगर पालिक निगम रायपुर श्री संबित मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायपुर श्री कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया।
1. ग्राम चन्दनडीह — प्रभावित बस्तियों का मुआयना*
• शीतलापारा, रेती खोली एवं श्रीलंका पारा सहित विभिन्न बाढ़/जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना किया गया।
• प्रभावित नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया।
• बाढ़ पीड़ितों के ठहराव हेतु बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थलों का अवलोकन कर वहां भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
•ड्रोन से निगरानी:जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे हुए लोगों की पहचान एवं स्थिति के सही आकलन हेतु ड्रोन कैमरे से निगरानी/सर्वे करने के विशेष निर्देश दिए गए।
• मौके पर उपस्थित प्रशासनिक एवं पुलिस टीम को जल निकासी, राहत सामग्री के त्वरित वितरण तथा सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के संबंध में कड़े निर्देश दिए गए।
2. डीपरापारा, सरोना — राहत शिविर
• प्राथमिक शाला डीपरापारा, सरोना में संचालित राहत शिविर पहुंचकर वहां उपस्थित लोगों से मुलाकात एवं चर्चा की गई तथा शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
3. महादेव घाट — गणेश विसर्जन व्यवस्था का निरीक्षण
• गणेश विसर्जन के दृष्टिगत महादेव घाट विसर्जन कुंड एवं महादेव घाट पुल का निरीक्षण किया गया।
• वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों से अपील
• नदी-नालों, उफनते पुल-पुलियों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें; जलमग्न मार्ग या पुल पार करने का प्रयास न करें।
• गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित विसर्जन कुंड में ही करें तथा नदी में उतरने से बचें।
• बच्चों को जलभराव वाले स्थानों की ओर न जाने दें।
• किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें।
• अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
_जिला प्रशासन, नगर निगम एवं रायपुर पुलिस बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पूर्णतः तत्पर एवं प्रतिबद्ध हैं। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार त्वरित राहत एवं बचाव कार्यवाही की जा रही है।_
पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर






