उम्र बढ़ने के साथ जब कदम कमजोर पड़ने लगें, तब छोटा सा सहारा भी जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। अभनपुर विकासखंड के ग्राम सोनेसिल्ली निवासी श्री राम दाऊ के लिए अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का अवसर ऐसी ही खुशी लेकर आया। उन्हें व्हीलचेयर और छड़ी मिली तो रोजमर्रा की जिंदगी में आवाजाही की परेशानी कम होने के साथ आत्मनिर्भरता का नया सहारा भी मिला।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, गरिमा और बेहतर जीवन के लिए लगातार संवेदनशील पहल की जा रही है। इसी भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में बुजुर्गों के चेहरों पर सम्मान, अपनत्व और खुशी साफ दिखाई दी।
इसी दौरान ग्राम सोनेसिल्ली के श्री राम दाऊ को उनकी आवश्यकता के अनुरूप व्हीलचेयर एवं छड़ी प्रदान की गई। बढ़ती उम्र में चलने-फिरने में होने वाली परेशानी के बीच ये सहायक उपकरण उनके लिए केवल साधन नहीं, बल्कि स्वतंत्र रूप से अपनी दिनचर्या पूरी करने का सहारा बनेंगे। अब घर और आसपास आवाजाही में उन्हें पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी।
‘सियान सेवा महाकुंभ’ में वरिष्ठजनों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखते हुए उन्हें विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं से जोड़ा गया। जिला प्रशासन की यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि बुजुर्ग केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान तथा सुविधाओं का ध्यान रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री राम दाऊ को मिला यह सहारा सेवा संकल्प अभियान की उस भावना को साकार करता है, जिसमें सेवा केवल सहायता देने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद के जीवन को अधिक सहज, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है।





