नाबालिग चोरों के गैंग का पर्दाफाश — निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर चोरी करने वाले 09 विधि से संघर्षरत बालक सहित चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी एवं बर्तन दुकानदार समेत 11 के विरुद्ध कार्रवाई
चोरी का माल कबाड़ी से बर्तन दुकानदार तक पहुंचाकर खपाया जाता था — लगभग 43 किलोग्राम कॉपर वायर एवं एसी कॉपर पाइप बरामद
पुलिस आयुक्त *डॉ. संजीव शुक्ला* एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त *श्री अमित तुकाराम कांबले* द्वारा *अपराधों की रोकथाम, चोरी के मामलों में त्वरित पतासाजी एवं चोरी गए माल की बरामदगी* के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन *श्रीमती दीपमाला कश्यप* के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री आदित्य पांडे* एवं एसीपी उरला *सुश्री पूर्णिमा लामा* के मार्गदर्शन में थाना खमतराई द्वारा एक चोरी के प्रकरण की जांच में लगातार पतासाजी करते हुए *चोरी करने वाले नाबालिगों के समूह से लेकर चोरी का माल खरीदने एवं आगे खपाने वालों तक पूरी कड़ी का पता लगाया गया।
CCTV फुटेज, आसपास पूछताछ और मुखबिर सूचना से पुलिस पहुंची नाबालिगों के समूह तक
दिनांक 06.09.2026 को प्रार्थी सुरेंद्र सिंह निवासी सेक्टर-03 शिवानंद नगर, थाना खमतराई द्वारा निर्माणाधीन मकान से बिजली के कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट थाना खमतराई में दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 945/2026, धारा 305, 331(4), 317(4) बीएनएस कायम कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना खमतराई की टीम द्वारा *घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।* संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों को बारीकी से देखा गया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई गई तथा मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्धों की पतासाजी की गई।
जांच के दौरान प्राप्त CCTV फुटेज, स्थानीय जानकारी एवं मुखबिर सूचना* को आपस में जोड़ते हुए पुलिस टीम संदिग्धों तक पहुंची। जांच में कुछ विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आई। उपलब्ध तथ्यों एवं पूछताछ के आधार पर सामने आया कि उक्त बालक *एक समूह के रूप में मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
09 नाबालिग थाना सरस्वती नगर एवं थाना खमतराई के 06 अन्य चोरी के मामलों में भी शामिल
जांच आगे बढ़ने पर सामने आया कि निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर चोरी करने वाले उक्त *09 विधि से संघर्षरत बालक थाना सरस्वती नगर के 03 एवं थाना खमतराई के 03 अन्य चोरी के प्रकरणों में भी शामिल रहे हैं।* इन मामलों में एसी के कॉपर पाइप, दुकानों के ताले तोड़कर नकदी एवं अन्य सामान चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस द्वारा सभी घटनाओं से संबंधित जानकारी, CCTV फुटेज एवं पूछताछ से प्राप्त तथ्यों को आपस में जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया गया, जिससे इन मामलों में भी उक्त बालकों की संलिप्तता सामने आई।
चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी एवं बर्तन दुकानदार तक पहुंची पुलिस
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए कॉपर वायर एवं एसी के कॉपर पाइप को गुढ़ियारी के कबाड़ी दुकान संचालक किशुन भारती* को बेचा जाता था। पुलिस टीम द्वारा कबाड़ी दुकान पर कार्रवाई कर *19.300 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर, कीमत लगभग 19,300 रुपये बरामद किया गया।
आगे की जांच में पता चला कि कबाड़ी द्वारा चोरी का कुछ माल राजातालाब स्थित बर्तन दुकान संचालक शांति एस. जोसेफ को बेचा गया था। पुलिस टीम द्वारा वहां भी कार्रवाई करते हुए *23.700 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर, कीमत लगभग 23,700 रुपये तथा एसी का कॉपर पाइप* बरामद किया गया।
इस प्रकार पुलिस द्वारा चोरी करने वाले समूह से लेकर *चोरी का माल खरीदने एवं आगे खपाने वाले व्यक्तियों तक* जांच की कड़ी जोड़ते हुए कार्रवाई की गई तथा प्रकरण में धारा 317(4) बीएनएस जोड़ी गई।
09 विधि से संघर्षरत बालक सहित 11 के विरुद्ध कार्रवाई
प्रकरण में 09 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं चोरी का माल खरीदने वाले किशुन भारती, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुर्रा भट्ठी पार्वती, थाना गुढ़ियारी एवं शांति एस. जोसेफ, उम्र 74 वर्ष, निवासी राजातालाब दुर्गा चौक, थाना सिविल लाइन* के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।
प्रकरण में कुल 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है तथा लगभग 43 किलोग्राम कॉपर वायर, कीमत करीब 43,000 रुपये, सहित एसी का कॉपर पाइप एवं अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।
नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित पतासाजी के लिए CCTV फुटेज, स्थानीय जानकारी, मुखबिर सूचना एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में भी जांच की विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए चोरी करने वाले समूह से लेकर चोरी का माल खरीदने एवं आगे खपाने वालों तक पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।






